Mumbai, Thane समेत 4 जिलों में भारी बारिश का Red Alert, IMD ने दी चेतावनी, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 4 जुलाई और रविवार 5 जुलाई के लिए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में इस सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों म
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 4 जुलाई और रविवार 5 जुलाई के लिए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में इस सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बेहद भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अन्य वेदर सिस्टम की वजह से यह स्थिति बनी है। मुंबई, ठाणे और पालघर में यह रेड अलर्ट सोमवार सुबह 6 जुलाई तक जारी रहेगा, जबकि रायगढ़ के लिए यह रविवार सुबह तक प्रभावी है। इससे पहले शुक्रवार 3 जुलाई को इन चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।
भारी बारिश के कारण शहर में जलजमाव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ सकती है। शुक्रवार सुबह तक मुंबई के कुछ इलाकों जैसे मंदवी में 150 मिमी, मालाबार हिल में 145 मिमी और फोर्ट में 140 मिमी बारिश दर्ज की गई। लोकल ट्रेनें तो चल रही हैं, लेकिन यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह है कि मुंबई को पानी देने वाली सात झीलों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है और वे अपनी कुल क्षमता के 8.93% तक भर गई हैं।
समुद्र में भी खतरा बढ़ गया है। IMD ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की चेतावनी दी है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है, खासकर जो लोग निचले इलाकों में रहते हैं या घाट रोड से यात्रा कर रहे हैं।
शिव सेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद करने और कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) देने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों को किसी भी आपात स्थिति में BMC के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करने को कहा है। महाराष्ट्र के अन्य जिलों जैसे रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा, पुणे, नासिक, मराठवाड़ा और विदर्भ में भी भारी बारिश का अनुमान है।