Mumbai, Thane समेत कई जिलों में भारी बारिश का Orange Alert, IMD ने दी तेज हवाओं की चेतावनी
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। लंबे समय तक सूखे के बाद सोमवार सुबह अच्छी बारिश हुई, जिसके बाद मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार, 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किय
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। लंबे समय तक सूखे के बाद सोमवार सुबह अच्छी बारिश हुई, जिसके बाद मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार, 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
IMD मुंबई के चीफ विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार से बारिश की रफ्तार और बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, जिन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है, वहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ जगहों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 22 और 23 जुलाई को मुंबई और ठाणे में येलो अलर्ट रहेगा।
बीते 24 घंटों की बात करें तो सोमवार सुबह 8:30 बजे तक संताक्रूज में 88.4 मिमी और कोलाबा में 5.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। ठाणे में सबसे ज्यादा 115 मिमी और नवी मुंबई में औसतन 92.10 मिमी बारिश हुई। इस बारिश से मुंबई को पानी देने वाली सात झीलों का जलस्तर बढ़कर 54.05% तक पहुंच गया है।
बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जरूरी कदम उठाए हैं। BMC ने लोगों को सावधानी के तौर पर पीने के पानी को उबालकर और छानकर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 24 घंटे के लिए हाई टाइड (ज्वार) का अलर्ट जारी किया है, जिससे मछुआरों और तट पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना वजह बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें। आपातकालीन स्थिति के लिए इंडियन कोस्ट गार्ड (1554), कोस्टल सिक्योरिटी हेल्पलाइन (1093) और राज्य आपदा प्रबंधन सेल (1070) के नंबर जारी किए गए हैं।