Mumbai, Thane में भारी बारिश का Orange Alert, Palghar में Red Alert जारी; स्कूलों की छुट्टी
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। IMD ने मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि यहाँ बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पालघर जिले की स्थिति और भी गंभीर है
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। IMD ने मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि यहाँ बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पालघर जिले की स्थिति और भी गंभीर है, जहाँ रेड अलर्ट जारी किया गया है और अगले 24 घंटों में भारी तबाही की आशंका है।
IMD के मुताबिक, मुंबई और ठाणे में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 70 किमी तक पहुँच सकती हैं। पालघर में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है, जहाँ बेहद भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान है। इसी खतरे को देखते हुए पालघर जिला कलेक्टर डॉ. इंदु जाखड़ ने गुरुवार, 23 जुलाई को सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि, मुंबई नगर निगम (BMC) ने शहर के स्कूलों को खुला रखने का फैसला किया है।
बारिश का असर कोंकण के अन्य जिलों जैसे रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी दिख रहा है, जहाँ ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसके अलावा नासिक, सतारा और पुणे के घाट इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर महाराष्ट्र के धुले, नंदुरबार, जलगांव और नासिक जिलों में पीला अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
पिछले 48 घंटों में दहानु और तलसारी जैसे इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई-वलसाड रूट पर कई जगह फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की खबरें आई हैं, जिससे घोलवड और उंबरगाँव में सड़क और रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
मुंबई की सात झीलों के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटों में जलस्तर 7.84 प्रतिशत बढ़कर 69.74 प्रतिशत तक पहुँच गया है। 23 जुलाई की सुबह मोदक सागर झील ओवरफ्लो हो गई है, जबकि विहार, तुलसी और तानसा झीलें पहले ही भर चुकी हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदियों की निगरानी के लिए इमरजेंसी टीमों को तैनात कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना वजह यात्रा न करें और समुद्र के किनारे जाने से बचें।