Mumbai, Thane समेत कई जिलों में भारी बारिश का Orange Alert, स्कूल-कॉलेज बंद; BMC ने जारी की एडवाइजरी

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को भारी बारिश का खतरा है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ठाणे, रायगढ़, पुणे और नासिक के घाट इलाकों के लिए रेड अलर्ट की च

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को भारी बारिश का खतरा है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ठाणे, रायगढ़, पुणे और नासिक के घाट इलाकों के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इस खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के कारण बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई के सभी सरकारी, नगर निगम और प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी है। यही फैसला ठाणे, पालघर और नवी मुंबई के स्थानीय प्रशासन ने भी लिया है, जिससे इन इलाकों के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। मुंबई की मेयर रितु तावडे ने कहा है कि अगर मौसम में सुधार नहीं हुआ तो स्कूल-कॉलेज की छुट्टी आगे भी बढ़ाई जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिनभर भारी बारिश होगी और रात में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बारिश की संभावना 85 से 95 प्रतिशत तक बताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

BMC ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें। लोगों को जलजमाव वाली सड़कों, गिरते हुए पेड़ों और कमजोर इमारतों से सावधान रहने को कहा गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में डिजास्टर रिस्पांस टीमों को तैनात कर दिया है और हर आधे घंटे में नागरिकों को मौसम की जानकारी भेजी जा रही है।

महाराष्ट्र सरकार ने प्राइवेट कंपनियों को भी सुझाव दिया है कि वे अपने कर्मचारियों को जहां संभव हो, वर्क फ्रॉम होम (Work from home) की सुविधा दें। बता दें कि 1 जुलाई से अब तक संताक्रूज वेधशाला में 805.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो जुलाई की औसत बारिश का लगभग 94 प्रतिशत है। लगातार हो रही बारिश से पहले ही परिवहन सेवाओं और नागरिक सुविधाओं पर असर पड़ा है। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया गया है।