Mumbai और Thane में भारी बारिश का कहर, IMD ने जारी किया Orange Alert, कई इलाकों में जलजमाव
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि आने वाले समय में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि आने वाले समय में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं।
BMC के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बारिश मांडवी में दर्ज की गई। इसके बाद मालाबार हिल, फोर्ट और अंधेरी जैसे इलाकों में भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई हिस्सों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। बारिश की वजह से दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी जैसे इलाकों में पानी भर गया। इससे लोकल ट्रेन की रफ्तार भी धीमी हुई और सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर लाइन पर ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई।
इस भारी बारिश के बीच कुछ दुखद हादसे भी सामने आए। ठाणे में बारिश के पानी में करंट आने से एक 17 साल की स्कूली छात्रा की मौत हो गई। परिवार ने Torrent Power Limited पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, सांताक्रूज में पेड़ गिरने से 8 लोग घायल हो गए और चांदिवली में एक व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरने से उसकी जान चली गई। BMC को पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की कई शिकायतें मिली हैं।
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि शुक्रवार सुबह तक बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार दोपहर 2:18 बजे 4.28 मीटर का हाई टाइड (ज्वार) आने की उम्मीद है, जिससे निचले इलाकों से पानी निकलने में परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जलजमाव वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।