Sonam Wangchuk की हिरासत के खिलाफ Mumbai में छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने आयोजकों पर दर्ज किया केस
Maharashtra: सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा हटाए जाने के विरोध में मुंबई के दक्षिण इलाके में छात्रों और विपक्षी समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुंबई पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने के आरोप में कई ल
Maharashtra: सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा हटाए जाने के विरोध में मुंबई के दक्षिण इलाके में छात्रों और विपक्षी समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुंबई पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया और आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब दिल्ली के जंतर मंतर पर 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे एक्टिविस्ट Sonam Wangchuk को उनकी बिगड़ती सेहत के कारण जबरन सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल सलाह के बाद दिल्ली पुलिस ने यह कदम उठाया था। वांगचुक NEET-UG 2026 परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इस घटना के विरोध में रविवार को मुंबई में ‘मुंबई अगेंस्ट सप्रेशन ऑफ स्टूडेंट्स’ (MASS), SFI, AISF और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आयोजकों के मुताबिक करीब 100 लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे। मुंबई पुलिस ने अनुमति न होने का हवाला देते हुए करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस ने NCP (शरद पवार गुट) के प्रदर्शन से जुड़े 4-5 आयोजकों और CJP के 7 समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
दूसरी तरफ दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती Sonam Wangchuk की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उन्हें डिहाइड्रेशन के लक्षण हैं और तुरंत इलाज की जरूरत है, लेकिन वांगचुक और उनके परिवार ने इलाज लेने से मना कर दिया है। वह अस्पताल में भी अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर शरद पवार, उद्धव ठाकरे और चंद्रशेखर आजाद जैसे विपक्षी नेताओं ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश बताया है। वहीं CJP के अभिजीत डिपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर कार्रवाई की योजना पहले ही बना ली थी, जिसके बाद उन्होंने 20 जुलाई को ‘चलो संसद’ रैली का आह्वान किया है।