Mumbai में खत्म हो रहे हैं सिंगल स्क्रीन सिनेमा, अब सिर्फ 50 थिएटर बचे; Alexandra Cinema भी होगा जमींदोज

Maharashtra: मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल तेजी से बंद हो रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में अब केवल 45 से 50 सिंगल स्क्रीन सिनेमा चालू बचे हैं। करीब 125 थिए

Maharashtra: मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल तेजी से बंद हो रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में अब केवल 45 से 50 सिंगल स्क्रीन सिनेमा चालू बचे हैं। करीब 125 थिएटर पहले ही बंद हो चुके हैं, जिससे शहर की पुरानी सिनेमा संस्कृति पर संकट मंडरा रहा है।

इस संकट का एक बड़ा उदाहरण नागपाड़ा का मशहूर Alexandra Cinema है। 1921 में अर्देशीर ईरानी और अब्दुलअली एसूफली द्वारा शुरू किया गया यह सिनेमा हॉल कभी हॉलीवुड फिल्मों के लिए जाना जाता था। साल 2007 में यहां फिल्में दिखना बंद हो गईं और 2011 के आसपास यह एक इस्लामिक स्टडी और प्रार्थना केंद्र बन गया। अब इस 1,005 वर्ग मीटर के प्लॉट पर रिहायशी कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है। BMC इस जमीन से सिनेमा का रिजर्वेशन हटाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है, ताकि यहां घर बनाए जा सकें।

थिएटर मालिकों का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से यह हालत हुई है। भारी टैक्स, बिजली के महंगे बिल और लाइसेंस की लंबी प्रक्रियाओं ने उन्हें परेशान किया है। वहीं, मल्टीप्लेक्स को टैक्स में छूट मिलती है, जिससे सिंगल स्क्रीन थिएटर टिक नहीं पा रहे हैं। सिनेमा ओनर्स एंड एग्जीबिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COEAI) के अध्यक्ष नितिन दातर ने चेतावनी दी है कि अगर टैक्स में राहत और आसान नियम नहीं मिले, तो अगले पांच साल में महाराष्ट्र के सभी सिंगल स्क्रीन सिनेमा खत्म हो जाएंगे।

नियमों की बात करें तो मुंबई के डेवलपमेंट प्लान के नियम 17(2) के मुताबिक, अगर कोई थिएटर मालिक अपनी प्रॉपर्टी को दोबारा विकसित करता है, तो उसे नए परिसर में एक छोटा थिएटर बनाना होगा। इसमें पुरानी क्षमता का 33% हिस्सा या कम से कम 150 सीटें रखनी होंगी। मालिकों का मानना है कि दर्शकों की घटती संख्या के बीच यह शर्त उनके लिए एक बड़ी रुकावट है। फिल्म समीक्षक राजीव विजयकर ने भी कहा है कि सिंगल स्क्रीन थिएटरों में जो दर्शकों का उत्साह और माहौल होता था, वह मल्टीप्लेक्स में नहीं मिलता।