Mumbai, Thane समेत कई जिलों में भारी बारिश का Red Alert, पेड़ गिरने से 2 की मौत, कई इलाके जलमग्न

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए पहले ऑरेंज अलर्ट जा

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए पहले ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में रेड अलर्ट में बदल दिया गया। भारी बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है और ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है।

इस बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चेंबूर में पेड़ गिरने से एक 11 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि वॉक्सहॉल में एक इमारत गिरने से 51 साल की महिला की जान चली गई। शहर में अब तक 120 से ज्यादा पेड़ और दीवारें गिरने की खबरें आई हैं। अंधेरी के SV रोड और DN नगर मेट्रो स्टेशन के पास पेड़ गिरने से रास्ता जाम हो गया और एक बस को भी नुकसान पहुँचा।

बारिश का असर यातायात पर भी साफ दिखा। अंधेरी सबवे में करीब पांच फीट पानी भरने के कारण इसे बंद करना पड़ा। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे समेत कई मुख्य सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। लोकल ट्रेनों की बात करें तो वेस्टर्न, सेंट्रल और हार्बर लाइन पर देरी हुई। हार्बर लाइन पर बिजली की तार में खराबी और मिट्टी धंसने की वजह से ट्रेनें बीच में ही रुक गईं।

इलाका बारिश का स्तर (mm)
शाहजी नगर (ट्रॉम्बे) 191 mm
महाराष्ट्र नगर (मानखुर्द) 185 mm
LBS मुलुंड चेक नाका 175 mm
पूर्वी उपनगर (औसत) 109 mm
पश्चिमी उपनगर (औसत) 87 mm
आइसलैंड सिटी (औसत) 86 mm

BMC ने बताया कि शहर और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे और रात या सुबह के समय बहुत भारी बारिश हो सकती है। राहत की बात यह है कि मुंबई की सात झीलों में पानी का स्तर 6.75% से बढ़कर 7.18% हो गया है, जिससे पानी की किल्लत दूर होने की उम्मीद है। वहीं पवई झील बुधवार सुबह 5:30 बजे ओवरफ्लो हो गई।

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना वजह बाहर न निकलें। कमजोर इमारतों, पेड़ों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। साथ ही समुद्र किनारे जाने से बचने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले चार दिनों तक मुंबई और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।