Maharashtra: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नए ‘मिसिंग लिंक’ पर लैंडस्लाइड, भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज में छुट्टी घोषित
Maharashtra/Mumbai: मुंबई और आसपास के इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को भी प्रभावित किया है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हाल ही में शुरू हुए ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट को भार
Maharashtra/Mumbai: मुंबई और आसपास के इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को भी प्रभावित किया है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हाल ही में शुरू हुए ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट को भारी बारिश की वजह से बड़ा झटका लगा है। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे टनल नंबर 2 के पास लैंडस्लाइड होने से मुंबई की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक सुरक्षा दीवार और टनल का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को तुरंत लोनावला की तरफ डायवर्ट कर दिया था।
यह प्रोजेक्ट अभी करीब दो महीने पहले मई 2026 में ही आम जनता के लिए खोला गया था। घटना की जानकारी देते हुए महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के एमडी अनिल कुमार गायकवाड़ ने बताया कि यह हादसा बहुत ज्यादा बारिश होने की वजह से हुआ है और इसमें किसी ठेकेदार की लापरवाही नहीं है। उन्होंने साफ किया कि टनल का मुख्य ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है और नुकसान सिर्फ बाहरी हिस्से तक ही सीमित रहा है। मलबे को हटाने और सुरक्षा जांच के बाद सोमवार रात को इस रास्ते को दोबारा वाहनों के लिए खोल दिया गया।
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट और स्कूलों की छुट्टी
मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बीएमसी (BMC) ने एहतियात के तौर पर मंगलवार 7 जुलाई को शहर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। लोनावला इलाके में पिछले 24 घंटों में करीब 670 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो इस मानसून सीजन की सबसे भारी बारिश बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस स्थिति को प्राकृतिक आपदा बताया है और कहा है कि सरकार बारिश से जुड़े हादसों और तैयारियों पर विधानसभा में विस्तृत जानकारी देगी। नासिक में भी क्लाउडबर्स्ट जैसी बारिश की संभावना को देखते हुए सरकारी तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ा है और लोनावला-कर्जत घाट सेक्शन में जलभराव की वजह से कई ट्रेनें कैंसिल की गई हैं।