Mumbai-Pune Expressway पर लैंडस्लाइड से मचा हड़कंप, भारी बारिश के बीच कई स्कूल-कॉलेज बंद

Maharashtra: मुंबई और पुणे के बीच चलने वाले एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ हिस्से में सोमवार सुबह लैंडस्लाइड हुआ, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। भारी बारिश के कारण एक बड़ा पत्थर गिरने से सड़क का रास्ता बंद ह

Maharashtra: मुंबई और पुणे के बीच चलने वाले एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ हिस्से में सोमवार सुबह लैंडस्लाइड हुआ, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। भारी बारिश के कारण एक बड़ा पत्थर गिरने से सड़क का रास्ता बंद हो गया था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। फिलहाल सुरक्षा जांच के बाद मुंबई की तरफ जाने वाले रास्ते को दोबारा खोल दिया गया है।

MSRDC के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल कुमार गायकवाड़ ने बताया कि सुरंग के ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, बल्कि बाहर का एक सजावटी हिस्सा (false frame) 15 टन के भारी पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने इसे कुदरती आपदा बताया और कहा कि पत्थर बहुत ऊंचाई से गिरा था। MSRDC ने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, मुंबई और पुणे के बीच यात्रा करने से बचें।

दूसरी तरफ, IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश और 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। एहतियात के तौर पर BMC ने मंगलवार को मुंबई के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरे राज्य को 8 जुलाई तक हाई अलर्ट पर रखा है और कंपनियों को वर्क-from-home की सुविधा देने की सलाह दी है।

इस भारी बारिश का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी दिख रहा है। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की जान जा चुकी है। पुणे के मावल तहसील में लैंडस्लाइड से एक परिवार के तीन सदस्य मारे गए, वहीं रत्नागिरी में पांच घर मलबे में दब गए हैं, जहां NDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। पुणे जिले में अब तक 22 जगहों पर लैंडस्लाइड की खबरें आई हैं।

इन घटनाओं के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि नए बने प्रोजेक्ट्स पहली ही भारी बारिश में इस तरह फेल हो रहे हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा खतरे में है।