Mumbai-Pune Expressway पर हादसे में 1 की मौत, तेज रफ्तार Fortuner ने सब्जी लदे टेम्पो को मारी टक्कर

Maharashtra: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के लोनावला इलाके में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ पुणे से मुंबई की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार Toyota Fortuner ने आगे चल रहे सब्जी लदे Eicher टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर

Maharashtra: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के लोनावला इलाके में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ पुणे से मुंबई की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार Toyota Fortuner ने आगे चल रहे सब्जी लदे Eicher टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

यह दुर्घटना सुबह करीब 1:20 बजे एक्सप्रेसवे के हाल ही में शुरू हुए ‘मिसिंग लिंक’ (Connecting Link) सेक्शन की एक सुरंग के अंदर हुई। हाईवे सेफ्टी पेट्रोल के पुणे रेंज के सुपरिटेंडेंट शिवाजी पवार ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार लग रही है। बताया गया कि Fortuner चालक ने ओवरटेक करने के बाद गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और टेम्पो के पीछे जा टकराया, जिससे दोनों गाड़ियां पलट गईं।

हादसे में Fortuner में ड्राइवर के बगल में बैठे पुणे के वाकड़ निवासी तुषार भुमकर (उम्र 30-35 वर्ष) की मौत हो गई। गाड़ी में सवार चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि टेम्पो के ड्राइवर और क्लीनर को हल्की खरोंचें आईं। पुलिस और MSRDC की एम्बुलेंस ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में Fortuner ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस हादसे के बाद ‘मिसिंग लिंक’ सुरंग में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग फिर से उठने लगी है। शिव सेना (UBT) नेता मिलिंद नरवेकर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मांग पर सहमत हुए थे। हादसे के कारण मुंबई की तरफ जाने वाले ट्रैफिक पर करीब दो घंटे तक असर रहा।