Mumbai में बिजली कटौती पर भड़के स्पीकर राहुल नरवेकर, BEST GM को तलब किया; कहा- देश की आर्थिक राजधानी में यह स्थिति अस्वीकार्य

Maharashtra: दक्षिण और मध्य मुंबई में बार-बार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नरवेकर ने BEST की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में बिजली की

Maharashtra: दक्षिण और मध्य मुंबई में बार-बार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नरवेकर ने BEST की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में बिजली की ऐसी किल्लत होना बेहद दुखद है और BEST इस समस्या को सुलझाने में पूरी तरह नाकाम रहा है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्पीकर राहुल नरवेकर ने 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को दोपहर 3:00 बजे अपने चैंबर में एक जरूरी मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में BEST की जनरल मैनेजर सोनिया सेठी, BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े, ऊर्जा विभाग के बड़े अधिकारी और शहर के विधायक शामिल होंगे। स्पीकर ने साफ चेतावनी दी है कि अगर इस मीटिंग में कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो BEST जनरल मैनेजर को विधानसभा में पेश होना पड़ेगा और विधायकों के सवालों के जवाब देने होंगे।

राज्य के शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने बिजली कटौती का कारण मई और जून के महीने में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 57 सालों में तापमान सबसे ज्यादा रहा, जिससे बिजली की डिमांड 2025 के 907 MW से बढ़कर 1,010 MW हो गई। इस वजह से बिजली के तार और नेटवर्क पर दबाव बढ़ा और जमीन के नीचे बिछी केबल खराब हो गईं। सरकार ने नए सब-स्टेशन के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए 719 पदों पर भर्ती शुरू की है, जिनमें से 150 लोग नियुक्त हो चुके हैं।

दूसरी तरफ, कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने BEST की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर पर ग्राहकों की कॉल नहीं उठाई जाती और स्टाफ, गाड़ियों और औजारों की कमी के कारण फॉल्ट ठीक होने में दो साल तक का समय लग जाता है। पटेल के मुताबिक, 2024 से अंडरग्राउंड केबल के 1,200 शिकायतें पेंडिंग हैं और 2015 से बिजली विभाग में करीब 5,000 पद खाली पड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के भीतर समस्या हल नहीं हुई, तो वह भूख हड़ताल करेंगे। इस मुद्दे पर बीजेपी विधायक आर तमिल सेलवन और शिवसेना (UBT) विधायक अजय चौधरी ने भी अपनी चिंता जताई है।