Mumbai में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहर वाले कैप्सूल बांटने वाला पुणे का कारोबारी गिरफ्तार, 14,900 कैप्सूल बरामद
Maharashtra: मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई में मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने पुणे के एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जो जुलूस के दौरान लोगों को जहर से भरे कैप्सूल बांट रहा था
Maharashtra: मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई में मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने पुणे के एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जो जुलूस के दौरान लोगों को जहर से भरे कैप्सूल बांट रहा था। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 14,900 जहरीले कैप्सूल जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पुणे के विमान नगर का रहने वाला है। वह बीबीए ग्रेजुएट है और पुणे में पेंट का बिजनेस चलाता है। यह पूरी घटना शुक्रवार रात, 26 जून 2026 को सामने आई जब सलमान सय्यद नाम के व्यक्ति ने एक कैप्सूल खाया, जिसके बाद उसे पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। डॉक्टरों ने जब इसकी जांच की, तो मामला संदिग्ध लगा और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
डीसीपी जयंत मीणा ने बताया कि आरोपी फैयाज प्रेमजी ने शुरुआत में इन कैप्सूल को दर्द निवारक दवा (Painkillers) बताया था। लेकिन जांच में पता चला कि इनमें जिंक फॉस्फाइड भरा था, जो असल में चूहों को मारने वाला एक खतरनाक जहर है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में जहर बरामद किया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी ने ऑनलाइन 50 किलो जिंक फॉस्फाइड और करीब 30,000 खाली कैप्सूल खरीदे थे। उसने अब तक 14,900 कैप्सूल तैयार कर लिए थे और बाकी भी बनाने की योजना थी। यह साजिश दक्षिण मुंबई के जेजे, भायखला और रे रोड स्थित रहमतआबाद कब्रिस्तान के पास होने वाले जुलूस को टारगेट करके रची गई थी।
बायकुला पुलिस स्टेशन ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें जहर देना और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फैयाज के तार किसी अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन से तो नहीं जुड़े हैं। आरोपी की ईरान और इराक की 19 यात्राओं के रिकॉर्ड और उसके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।