Mumbai, Palghar में भारी बारिश का Red Alert, 13 दिन की देरी से आया मानसून; कई इलाकों में जलभराव

Maharashtra: मुंबई और पालघर में मानसून की एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद शहर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बार दक्षिण-पश्चिम

Maharashtra: मुंबई और पालघर में मानसून की एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद शहर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य तारीख से 13 दिन की देरी से 23 जून को पहुंचा है।

India Meteorological Department (IMD) ने बुधवार सुबह 4 बजे रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में सुबह 7 बजे घटाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। 24 जून को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश का असर शहर की सड़कों और यातायात पर साफ दिखा। 23 जून की सुबह से 24 जून की सुबह तक राम मंदिर में 224 मिमी, कोलाबा में 218.5 मिमी और संताक्रूज में 210.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश की वजह से गांधी बाजार, किंग सर्कल और दादर स्टेशन जैसे इलाकों में काफी पानी भर गया। इस वजह से अंधेरी अंडरपास और एवेरार्ड नगर का एक सबवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

वहीं ठाणे और पालघर जिलों में भारी बारिश के कारण मलशेज घाट पर एक छोटा भूस्खलन हुआ और कई जगहों पर पेड़ गिरने की खबरें आईं। हालांकि, BEST बस सेवाएं सुचारू रहीं, लेकिन कुछ सड़कों पर भारी जाम देखा गया और लोकल ट्रेन सेवाओं में भी कुछ दिक्कतें आईं।

IMD ने मछुआरों के लिए चेतावनी जारी करते हुए उन्हें 28 जून तक कोंकण और गोवा तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही आम लोगों को जलभराव वाले इलाकों और कमजोर इमारतों से दूर रहने को कहा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ेगा और 29 जून तक गोवा और कोंकण में बारिश जारी रहेगी।