Mumbai में NCB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार कोडीन सिरप की बोतलें और चरस जब्त, 2 गिरफ्तार

Maharashtra: मुंबई में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एजेंसी ने 15,000 से ज्यादा कोडीन सिरप की बोतलें, 1 किलो चरस और 12,000 से ज्यादा ट्रामडोल

Maharashtra: मुंबई में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एजेंसी ने 15,000 से ज्यादा कोडीन सिरप की बोतलें, 1 किलो चरस और 12,000 से ज्यादा ट्रामडोल टैबलेट जब्त की हैं। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

NCB के मुताबिक, यह सारा माल गुजरात और मुंबई के बीच चलने वाली एक पैसेंजर बस के जरिए लाया जा रहा था। तस्करों की योजना इस ड्रग्स को मुंबई, भिवंडी और आसपास के इलाकों में बेचने की थी। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले त्योहारी सीजन और बाजार में दवाओं की कमी का फायदा उठाकर इन्हें महंगे दामों पर बेचने की तैयारी थी।

जांच में पता चला कि कोडीन सिरप की बोतलों के बैच नंबर बदल दिए गए थे ताकि उनकी असली पहचान छिपाई जा सके। साथ ही मौके से फर्जी इनवॉइस भी मिले हैं। इस नेटवर्क का मुख्य केंद्र वडोदरा, गुजरात में एक डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम था, जहाँ से भारी मात्रा में सिरप और गोलियां जब्त की गईं। यह डिस्ट्रीब्यूटर पहले भी NDPS एक्ट के मामलों में वांछित रहा है।

गिरफ्तार लोगों में एन. शेख नाम का व्यक्ति है जिसे 8 अगस्त को कोडीन सिरप जब्त करने के दौरान पकड़ा गया। वहीं, 12 अगस्त को घाटकोपर इलाके में चरस जब्त करते समय ए. जे. शेख नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया। NCB के अधिकारी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं ताकि इस संगठित ड्रग सिंडिकेट को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

NCB ने चेतावनी दी है कि ट्रामडोल और कोडीन जैसे सिरप केवल डॉक्टर की सलाह पर ही लेने चाहिए। बिना डॉक्टरी निगरानी के इनका इस्तेमाल करने से व्यक्ति नशे का आदी हो सकता है और यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (Central Nervous System) पर बुरा असर डालकर जानलेवा साबित हो सकता है।