Mumbai में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहर फैलाने की साजिश नाकाम, पुणे का शख्स 14,900 जहरीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार
Maharashtra: मुंबई पुलिस ने मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को जहर देने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पुणे के विमान नगर इलाके के रहने वाले 39 साल के फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार किया है। आरोपी
Maharashtra: मुंबई पुलिस ने मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को जहर देने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पुणे के विमान नगर इलाके के रहने वाले 39 साल के फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड से भरे कैप्सूल मिले हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए किया जाना था।
घटना जून के आखिरी हफ्ते की है जब मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फैयाज प्रेमजी ने इन जहरीले कैप्सूल को दर्द निवारक दवा या इम्यूनिटी बढ़ाने वाली दवा बताकर जेजे और भायखला इलाकों में जुलूस में शामिल लोगों के बीच बांटने की योजना बनाई थी। इस दौरान सलमान सैय्यद नाम का एक व्यक्ति एक कैप्सूल खाने के बाद बीमार हो गया था, जिससे पुलिस को शक हुआ और उन्होंने आरोपी को धर दबोचा। इस घटना में कुल 11 लोग बीमार हुए, लेकिन अब सभी की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने जब आरोपी के गेस्ट हाउस पर छापेमारी की, तो वहां से करीब 14,900 भरे हुए कैप्सूल, 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड बरामद किया। यह जिंक फॉस्फाइड चूहों को मारने वाली एक बेहद जहरीली दवा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 110 और 123 के तहत मामला दर्ज किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी दो साल पहले उससे अलग हो गई थी, जिसका बदला वह पूरी दुनिया से लेना चाहता था। उसने दावा किया कि वह करीब 15,000 लोगों की जान लेना चाहता था। डीसीपी जयंत मीणा और सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर दीपक सावंत ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से परेशान लग रहा है। पुलिस अब उसके ईरान और इराक के सफर, पैसों के लेन-देन और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।
इस घटना के बाद ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यसूब अब्बास ने महाराष्ट्र सरकार और पुलिस से आने वाले जुलूसों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने इस मामले की गहराई से जांच करने की अपील की है ताकि किसी बड़ी साजिश का पर्दाफाश हो सके। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है और उसके पिता को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।