Mumbai में भारी बारिश से हाहाकार, 4 लोगों की मौत और सड़कों पर भरा पानी; IMD ने जारी किया Red Alert
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में 1 और 2 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों पर पानी भरने, पेड़ों के गिरने और भारी ट्रैफिक जाम की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना कर
Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में 1 और 2 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों पर पानी भरने, पेड़ों के गिरने और भारी ट्रैफिक जाम की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मानसून कहर में अब तक मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में चार लोगों की जान जा चुकी है।
बारिश का असर इतना ज्यादा था कि कुर्ला के SCLR फ्लाईओवर पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। शहर के कई इलाकों जैसे हिंदमाता, सायन, चेंबूर, अंधेरी, सांताक्रूज, खार, बांद्रा, कुर्ला, विक्रोली, पवई, घाटकोपर, भांडुप, मुलुंड, BKC और वडाला में भारी जलजमाव की खबरें आईं। इसके अलावा रत्नागिरी में मुंबई-गोवा हाईवे पर लैंडस्लाइड होने से ट्रैफिक धीमा रहा।
हादसों की बात करें तो 1 जुलाई को चेंबूर में एक स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से 11 साल के छात्र की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। वॉल्केश्वर में बिल्डिंग गिरने से 51 साल की महिला की जान चली गई, जबकि 2 जुलाई को चंदीवली में एक व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरने से उसकी मौत हो गई। BMC के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 99 बार पेड़ या उनकी टहनियां गिरी हैं, जिनमें मरोल में एक ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने की घटना भी शामिल है।
परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा। 2 जुलाई को लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं और हार्बर लाइन में ओवरहेड वायर टूटने से सेवा बाधित हुई। बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई, क्योंकि सुदर्शन नगर में पेड़ गिरने से पावर कट हो गया। पवई झील 1 जुलाई की सुबह ओवरफ्लो हो गई थी।
IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक बिक्रम सिंह ने कहा कि भारी बारिश और जलजमाव की संभावना है, जिसके लिए BMC और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ संपर्क बना हुआ है। BMC ने 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं की चेतावनी दी है।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। ठाणे की मेयर शर्मिला पिंपलोलकर ने खतरनाक पेड़ों का सेफ्टी सर्वे कराने के आदेश दिए हैं। ठाणे सिटी पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से जलजमाव वाले इलाकों से दूर रहने को कहा है। गुरुवार 2 जुलाई को दोपहर 1:45 बजे 4.27 मीटर की हाई टाइड की चेतावनी दी गई थी।