Mumbai में सफर होगा आसान, कल से शुरू होगी Metro 2B की विस्तार सेवा और SCLR का आखिरी लिंक
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के लोगों के लिए गुरुवार, 13 अगस्त 2026 से यात्रा करना काफी आसान होने जा रहा है। शहर में मेट्रो लाइन 2B के चेंबूर विस्तार और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड (SCLR) का आखिरी हिस्सा एक साथ शुरू होने जा
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के लोगों के लिए गुरुवार, 13 अगस्त 2026 से यात्रा करना काफी आसान होने जा रहा है। शहर में मेट्रो लाइन 2B के चेंबूर विस्तार और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड (SCLR) का आखिरी हिस्सा एक साथ शुरू होने जा रहा है। इन दोनों सुविधाओं के चालू होने से पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों के समय की बचत होगी।
मेट्रो लाइन 2B का विस्तार अब डायमंड गार्डन से चेंबूर नाका तक चलेगा। MMRDA के मुताबिक, यह विस्तार चेंबूर मेट्रो स्टेशन को लोकल ट्रेन और मोनोरेल नेटवर्क के करीब ले आएगा। चेंबूर मेट्रो स्टेशन, वी.एन. पुरव मार्ग मोनोरेल स्टेशन से करीब 100 मीटर और चेंबूर रेलवे स्टेशन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है, जिससे यात्रियों को ट्रेन और मेट्रो बदलने में आसानी होगी। बता दें कि इस लाइन का पहला हिस्सा, जो मंडल से डायमंड गार्डन तक था, वह 8 अप्रैल 2026 को ही शुरू हो चुका था। जून 2026 के पहले हफ्ते में CMRS ने सुरक्षा मंजूरी दे दी थी।
वहीं, सड़क मार्ग से सफर करने वालों के लिए SCLR का आखिरी लिंक वरदान साबित होगा। यह लिंक वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) के वकोला जंक्शन को सीधे बीकेसी (BKC) के भारत नगर से जोड़ेगा। इसमें 500 मीटर लंबा चार लेन का एलिवेटेड रास्ता और दोनों तरफ 90 मीटर के दो लेन वाले रैंप बनाए गए हैं। इस नए लिंक की वजह से अब गाड़ियों को वकोला-कलानगर के भारी जाम वाले इलाके से नहीं गुजरना पड़ेगा।
MMRDA अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे कॉरिडोर के चालू होने से यात्रा के समय में करीब 35 मिनट की कमी आएगी। इससे न केवल बीकेसी जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि मुंबई की अन्य मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।