Mumbai में खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के शख्स की मौत, BMC के 4 अधिकारी सस्पेंड
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के चांदिवली इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है जहां खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के असलम इसहाक शेख की जान चली गई। यह हादसा खैराणी रोड पर हुआ जहां सीवर लाइन में ग्रिल लगाने का काम चल रहा था। बारिश
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के चांदिवली इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है जहां खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के असलम इसहाक शेख की जान चली गई। यह हादसा खैराणी रोड पर हुआ जहां सीवर लाइन में ग्रिल लगाने का काम चल रहा था। बारिश के पानी से मैनहोल ढका हुआ था, जिसकी वजह से शख्स को इसका पता नहीं चला और वह सीधे अंदर गिर गया।
CCTV फुटेज में देखा गया कि असलम शेख मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहे थे, तभी वह अचानक खुले मैनहोल में समा गए। मौके पर मौजूद मजदूरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि उनका शरीर करीब 100 फीट दूर दूसरे मैनहोल से बरामद हुआ। मुंबई फायर ब्रिगेड ने शव को बाहर निकाला।
इस घटना के बाद BMC कमिश्नर अश्विनी भिडे ने सख्त एक्शन लेते हुए ‘L’ वार्ड के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंड होने वालों में असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर धनजी हर्लेकर, असिस्टेंट/डेप्युटी इंजीनियर दीपक चौगुले, जूनियर इंजीनियर अभिजीत चौगुले और असिस्टेंट इंजीनियर उत्तम पाटिल शामिल हैं। सरकार ने इस मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश दिए हैं और 7 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसल ने विधानसभा में बताया कि साइट पर बैरिकेडिंग और ट्राइपॉड जैसे जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। यह काम मानसून से पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन लापरवाही की वजह से यह अधूरा था। इस लापरवाही के कारण जिम्मेदार ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने मृतक के परिवार के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर ने इस घटना को ‘गैर-इरादतन हत्या’ (culpable homicide) जैसा गंभीर मामला बताया है। महाराष्ट्र सरकार ने अब मुंबई के सभी मैनहोल्स की 8 दिनों के भीतर जांच करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
बता दें कि इस हफ्ते मुंबई में बारिश की वजह से यह तीसरी मौत है। इससे पहले चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के बच्चे और वॉकरशवार में बालकनी गिरने से 51 साल के व्यक्ति की मौत हो चुकी है।