Mumbai में Tata EV की फर्जी डीलरशिप के नाम पर ठगी, व्यक्ति से 5.5 लाख रुपये लूटे
Maharashtra: मुंबई के एक व्यक्ति को टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर 5.5 लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित व्यक्ति एक फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस गया, जिसके बाद उसने जालसाजों को पैसे ट्
Maharashtra: मुंबई के एक व्यक्ति को टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर 5.5 लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित व्यक्ति एक फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस गया, जिसके बाद उसने जालसाजों को पैसे ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में मुंबई पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पीड़ित ने टाटा मोटर्स की फर्जी वेबसाइट के जरिए डीलरशिप के लिए आवेदन किया। जालसाजों ने टाटा मोटर्स के नाम से मिलते-जुलते डोमेन बनाकर लोगों को लुभाया। टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (TPEML) की लीगल टीम को अप्रैल 2025 में पहली बार www.tataevdealership.com नाम की फर्जी वेबसाइट के बारे में पता चला था। जब इस साइट को बंद कराया गया, तो ठगों ने www.tataevdealership.in नाम से दूसरी फर्जी वेबसाइट शुरू कर दी।
जांच में पता चला है कि ठग न केवल भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की फर्जी डीलरशिप बेच रहे थे। पीड़ित व्यक्ति से आकाश बंसल नाम के शख्स ने संपर्क किया और एप्लीकेशन फीस के नाम पर पैसे मांगे। पुलिस ने इस मामले में केसब कुमार, आकाश बंसल और कुणाल सिंह समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
टाटा मोटर्स ने साफ किया है कि डीलरशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है और आवेदन जमा करने के लिए किसी भी तरह के भुगतान की जरूरत नहीं होती। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.ev.tatamotors.com है। मुंबई के एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद अब साइबर सेल और पुलिस आरोपी लोगों को ट्रैक करने में जुटी है।