Mumbai में भारी बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरने से बुजुर्ग की मौत, ठेकेदार पर केस दर्ज करने की तैयारी

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ है। साकीनाका इलाके में एक 60 साल के बुजुर्ग खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। यह घटना गुरुवार दोपहर को खैराणी रोड पर हुई, जब शख्स मोबाइल

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ है। साकीनाका इलाके में एक 60 साल के बुजुर्ग खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। यह घटना गुरुवार दोपहर को खैराणी रोड पर हुई, जब शख्स मोबाइल फोन पर बात कर रहा था।

मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खैराणी रोड पर साकेनाका और जोगेश्वरी को कुर्ला और घाटकोपर से जोड़ने वाले रास्ते पर एक मैनहोल खुला हुआ था। वहां एक प्राइवेट ठेकेदार रखरखाव का काम कर रहा था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। असलम फोन पर बात करते हुए अनजाने में उस खुले मैनहोल में गिर गए और पानी के तेज बहाव के कारण बह गए।

घटना के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआत में मैनहोल से केवल उनकी छतरी और चप्पलें बरामद हुईं, लेकिन बाद में ड्रेनेज चैनल से उनका शव मिला। पुलिस ने बताया कि एक प्राइवेट एजेंसी के तीन कर्मचारी वहां काम कर रहे थे जिन्होंने मैनहोल का ढक्कन हटाया हुआ था।

इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया है। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नारवेकर ने इसे ‘क्युल्पेबल होमिसाइड’ यानी गैर इरादतन हत्या करार दिया है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले पर विस्तृत जवाब मांगा है और जिम्मेदार अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की बात कही है। डिप्टी मेयर संजय घाडी और बीजेपी विधायक अमित सतम ने भी इस लापरवाही पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने मांग की है कि दोषी ठेकेदार और बीएमसी (BMC) के जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे सस्पेंड किया जाए।

मुंबई में बारिश से जुड़ी यह तीसरी बड़ी मौत है। इससे पहले एक पेड़ गिरने से 11 साल के छात्र और बालकनी गिरने से एक 51 साल के व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।