Mumbai में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहर देने की कोशिश, 15 हजार लोगों को मारने की थी साजिश, आरोपी गिरफ्तार
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को जहरीली गोलियां खिलाने की एक खौफनाक साजिश सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में पुणे के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने दर्द निवारक और इम
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को जहरीली गोलियां खिलाने की एक खौफनाक साजिश सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में पुणे के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने दर्द निवारक और इम्यूनिटी बढ़ाने वाली दवा बताकर लोगों को जहरीले कैप्सूल बांटे थे। इस घटना के बाद कम से कम 11 लोग बीमार हो गए, जिन्हें इलाज के बाद अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 39 वर्षीय फैयाज निसार हुसैन प्रेमजी के रूप में की है। वह पुणे के विमान नगर का रहने वाला है और पेंट का बिजनेस करता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दुनिया से बदला लेना चाहता था क्योंकि दो साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसी गुस्से में उसने करीब 15,000 लोगों को मारने की योजना बनाई थी।
जांच में पता चला कि आरोपी ने ऑनलाइन 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड (चूहों को मारने वाला जहर) मंगवाया था। उसने अपने होटल के कमरे में करीब 14,900 कैप्सूल तैयार किए थे। इन कैप्सूल की पैकेजिंग इतनी प्रोफेशनल थी कि वे आयुर्वेदिक सप्लीमेंट जैसे दिख रहे थे, जिन पर लाइसेंस नंबर और हर्बल सामग्री की पूरी लिस्ट लिखी थी।
इस बड़ी घटना को रोकने में तीन महिला वॉलंटियर्स का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने संदिग्ध तरीके से कैप्सूल बंटते देखा और तुरंत पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें जहर देना और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
सेंट्रल जोन-I के डीसीपी जयंत मीणा ने बताया कि जब्त किए गए कैप्सूल को केमिकल जांच के लिए कालिना स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा गया है। शुरुआती जांच में इनमें जिंक फॉस्फाइड की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी 2019 से 2025 के बीच कई बार ईरान और इराक क्यों गया था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और जहर की सप्लाई कहां से हुई, इसकी तलाश जारी है।