Mumbai में लोकल ट्रेन के अंदर खूनी संघर्ष, दरवाजे को लेकर हुई बहस में 22 साल के युवक की हत्या

Maharashtra: मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। भारी बारिश के बीच ट्रेन के कोच का दरवाजा बंद करने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि एक 22 साल के युवक की

Maharashtra: मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। भारी बारिश के बीच ट्रेन के कोच का दरवाजा बंद करने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि एक 22 साल के युवक की जान चली गई। हमलावर ने चलती ट्रेन के अंदर युवक पर चाकू से वार किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

यह पूरी घटना 23 जून 2026 की रात को चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल (ट्रेन नंबर 90663) के फर्स्ट क्लास कोच में हुई। मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो विरार का रहने वाला था और सेल्समैन का काम करता था। मयंक अपने काम से घर लौट रहा था, तभी अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच उसकी किसी यात्री से बहस हो गई। इसी दौरान आरोपी ने मयंक के पेट में चाकू घोंप दिया।

  • ट्रेन का समय: ट्रेन रात 10:05 बजे चर्चगेट से निकली थी।
  • वारदात का समय: अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच हमला हुआ।
  • आरोपी का पलायन: आरोपी रात 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया।
  • मेडिकल मदद: बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम के बाद मयंक को कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रेलवे स्टाफ ने तुरंत एक्शन लिया और सभी जरूरी सबूत व CCTV फुटेज जांच एजेंसियों को सौंप दिए हैं। बोरीवली GRP ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए छह स्पेशल टीमें बनाई हैं। जांच टीम अंधेरी, बोरीवली और मलाड स्टेशनों के CCTV खंगाल रही है। फुटेज में आरोपी को अंधेरी स्टेशन के टिकट काउंटर पर देखा गया है, जहां वह लड़खड़ाते हुए चल रहा था और बाद में वारदात के बाद बोरीवली स्टेशन से बाहर निकलता दिखा।

वेस्टर्न रेलवे नेटवर्क पर इस साल चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे लोकल ट्रेन में सफर करने वाले आम यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।