Mumbai लोकल ट्रेन में मर्डर करने वाला आरोपी गिरफ्तार, टी-शर्ट के लोगो से पुलिस ने खोज निकाला

Maharashtra: मुंबई की लोकल ट्रेन में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 23 जून की रात को चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई थी, जहां मामू

Maharashtra: मुंबई की लोकल ट्रेन में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 23 जून की रात को चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई थी, जहां मामूली विवाद के बाद 22 साल के मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की जांच और आरोपी की टी-शर्ट पर बने एक लोगो की मदद से उसे पनवेल स्टेशन से दबोचा।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भारी बारिश हो रही थी और ट्रेन अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच थी। आरोपी रोशन सुवर्णा और मयंक लोहार के बीच ट्रेन का दरवाजा बंद रखने को लेकर बहस हुई, जिसने हिंसक रूप ले लिया। हमले के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। वह ऑटो से अपने घर मीरा रोड गया, कपड़े बदले और फिर ओला कैब के जरिए पनवेल पहुंचा ताकि वहां से बस पकड़कर अपने गांव मंगलुरु जा सके।

बोरीवली GRP के सीनियर इंस्पेक्टर एम. खुपेकर ने बताया कि आरोपी को बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पनवेल रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। आरोपी रोशन सुवर्णा 30 साल का है और अंधेरी एयरपोर्ट के पास कार्गो हैंडलिंग में काम करता था। उसका पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। आरोपी के परिवार ने बताया कि घटना की रात उसने शराब पी रखी थी और घर लौटने के बाद वह रोया था।

  • मृतक: मयंक लोहार, निवासी विरार (सेल्समैन)
  • आरोपी: रोशन सुवर्णा, निवासी मीरा रोड
  • विवाद का कारण: भारी बारिश में ट्रेन का दरवाजा बंद रखना
  • गिरफ्तारी की जगह: पनवेल रेलवे स्टेशन
  • कोर्ट का फैसला: आरोपी 30 जून तक पुलिस हिरासत में रहेगा

इस घटना के बाद मुंबई के यात्रियों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है। एक्ट्रेस रश्मी देसाई ने भी सोशल मीडिया पर अपनी असुरक्षा जाहिर की है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नरवेकर ने सरकार को निर्देश दिया है कि 29 जून को सदन में इस घटना और यात्रियों की सुरक्षा पर बयान दिया जाए। मयंक के परिवार ने आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है। पुलिस अभी हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश कर रही है।