Mumbai में सबसे बड़ा ब्लड बैंक JJ Mahanagar बंद, सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर FDA की बड़ी कार्रवाई
Maharashtra: मुंबई के बायकुला स्थित जेजे अस्पताल परिसर में चलने वाले राज्य के सबसे बड़े ब्लड बैंक, JJ Mahanagar Blood Bank को महाराष्ट्र FDA ने तुरंत बंद करने का आदेश दिया है। सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के
Maharashtra: मुंबई के बायकुला स्थित जेजे अस्पताल परिसर में चलने वाले राज्य के सबसे बड़े ब्लड बैंक, JJ Mahanagar Blood Bank को महाराष्ट्र FDA ने तुरंत बंद करने का आदेश दिया है। सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है। इसके साथ ही ठाणे के बदलापुर में स्थित एक निजी सेंटर, Maya Blood Centre को भी सील कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई FDA महाराष्ट्र और CDSCO की एक जॉइंट टीम द्वारा 22 से 24 जून 2026 के बीच किए गए निरीक्षण के बाद हुई। जांच में पाया गया कि ये दोनों सेंटर ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940’ और ‘ड्रग्स रूल्स, 1945’ के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। विशेष रूप से ब्लड सेंटर चलाने के लिए बनाए गए शेड्यूल F, पार्ट XII-B के प्रावधानों की अनदेखी की गई थी।
JJ Mahanagar Blood Bank में जांच के दौरान खून और उसके कंपोनेंट्स के स्टोरेज और इन्वेंट्री मैनेजमेंट में बड़ी कमियां मिलीं। यहां एक्सपायर हो चुके और रिएक्टिव ब्लड बैग्स को सही तरीके से हैंडल नहीं किया जा रहा था। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट को ठिकाने लगाने का तरीका गलत था और जरूरी मशीनों के साथ-साथ स्टरलाइजेशन कंट्रोल में भी भारी लापरवाही पाई गई।
वहीं बदलापुर के Maya Blood Centre की हालत और भी खराब मिली। यहां डोनेशन कैंप से लाए गए खून के ट्रांसपोर्ट का कोई रिकॉर्ड नहीं था और ब्लड बैग्स की ट्रेसिबिलिटी में कमी थी। सेंटर पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन ऑफिसर और अन्य जरूरी तकनीकी स्टाफ भी मौजूद नहीं थे। इसके अलावा क्वालिटी कंट्रोल टेस्टिंग की कमी और बिना मंजूरी के ब्लड डोनेशन कैंप चलाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
FDA कमिश्नर Tukaram Mundhe ने साफ कहा है कि खून के कलेक्शन, प्रोसेसिंग और वितरण में सुरक्षा और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि मरीजों की जान जोखिम में डालने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने महाराष्ट्र के सभी ब्लड बैंकों को सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है और कहा है कि गलती करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।