Mumbai में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर भरा पानी और ट्रैफिक जाम; IMD ने जारी किया Yellow Alert

Maharashtra: मुंबई में सोमवार को हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर में भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने और गरज के साथ तूफान आया, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। मा

Maharashtra: मुंबई में सोमवार को हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर में भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने और गरज के साथ तूफान आया, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। मानसून की दस्तक के बाद आई इस बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर दी है, लेकिन सड़कों पर जलभराव ने सफर मुश्किल कर दिया है।

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 22 और 23 जून को येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे अब 24 जून तक बढ़ा दिया गया है। इस अलर्ट में ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों को भी शामिल किया गया है। IMD के मुताबिक, अलग-अलग जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, BMC ने 22 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी थी।

सोमवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बांद्रा ईस्ट के पाली चिंबई स्कूल और सुपारी टैंक स्कूल में 70 मिमी बारिश हुई, जबकि वर्ली नाका स्थित सावित्रीबाई फुले BMC स्कूल में एक घंटे में 61 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आइलैंड सिटी में औसतन 17 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 10 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश की वजह से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक बहुत धीमा रहा और सांताक्रूज के पास एक टेम्पो हादसे के कारण जाम की स्थिति बन गई।

एक तरफ जहां बारिश से राहत मिली है, वहीं शहर के जलाशयों की स्थिति चिंताजनक है। सोमवार सुबह तक मुंबई के सात जलाशयों में पानी का स्तर कुल क्षमता का केवल 8.34% बचा था, जो पिछले साल इसी समय 26.84% था। अपर वैतरणा जलाशय में उपयोगी पानी का स्तर 0% रहा। देशभर में जून महीने में 46% बारिश की कमी दर्ज की गई है, जिससे खेती और पानी की सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका है।

IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा। कोंकण और गोवा में 23 से 27 जून के बीच बारिश तेज होगी और मुंबई में सबसे भारी बारिश 25 और 26 जून के आसपास होने की उम्मीद है।