Mumbai में भारी बारिश से जलभराव, कई इलाकों में थमी रफ्तार; IMD ने जारी किया Red Alert

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में 1 जुलाई से शुरू हुई भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या पैदा हो गई है और लोगो

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में 1 जुलाई से शुरू हुई भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या पैदा हो गई है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए Red Alert जारी किया है, जिसमें तेज बारिश और हवाओं की चेतावनी दी गई है। साथ ही कोंकण क्षेत्र के लिए Orange Alert जारी कर 4 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। BMC ने भी लोगों को सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। प्रशासन ने निजी कंपनियों को जहां संभव हो, कर्मचारियों को Work From Home देने का निर्देश दिया है।

बारिश का असर ट्रांसपोर्ट पर भी पड़ा है। वेस्टर्न और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया। लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं और हार्बर लाइन पर ओवरहेड तार टूटने से सेवाएं प्रभावित हुईं। एयरपोर्ट पर भी उड़ानों पर असर पड़ा है। जलभराव की वजह से दादर, परेल, हिंदमाता, वर्ली, कुर्ला, अंधेरी, चेंबूर, BKC, वडाला, सायन, गोरेगांव और चारकोप जैसे इलाकों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

इस भारी बारिश के बीच कुछ दुखद घटनाएं भी सामने आई हैं। चांदिवली इलाके में पानी भरने के कारण एक व्यक्ति खुले मैनहोल में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा 1 जुलाई सुबह से 2 जुलाई सुबह तक शहर में 99 पेड़ गिरे, 13 शॉर्ट सर्किट हुए और 6 दीवारें ढह गईं।

स्थान/स्टेशन बारिश का रिकॉर्ड (mm)
जुहू एयरपोर्ट 205
सांताक्रूज 204.6
विक्रोली 192.5
कोलाबा 158

भारी बारिश और रेड अलर्ट को देखते हुए पालघर और पनवेल जिलों में 2 जुलाई को स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए थे। प्रशासन ने लोगों से कमजोर इमारतों और पेड़ों के नीचे न खड़े होने की अपील की है।