Mumbai में भारी बारिश का Red Alert, सरकारी दफ्तर दोपहर बाद बंद और प्राइवेट ऑफिस में WFH की सलाह

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। भारी बारिश और तेज

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव और यातायात की समस्या देखी गई है।

महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने निजी कंपनियों को सलाह दी है कि वे अपने कर्मचारियों को जहां तक संभव हो Work From Home (WFH) की सुविधा दें। साथ ही, जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ्तरों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है, जो दोपहर के बाद बंद हो जाएंगे। BMC ने मुंबई के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी कर दी है और लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है। यही स्थिति ठाणे और पालघर में भी है, जबकि पुणे जिले के स्कूलों को भी बंद रखा गया है।

छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाओं को आगे बढ़ा दिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम के जोखिम को देखते हुए घरों के अंदर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने इस स्थिति को राजनीतिक रंग न देने की भी बात कही है।

बारिश का असर यातायात और जान-माल पर भी पड़ा है। मनखुरद में एक चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत और एक के घायल होने की खबर आई है, जबकि पेड़ गिरने जैसी अन्य घटनाओं में 3 लोगों की जान गई है। मुंबई-पुणे रेल कॉरिडोर पर भूस्खलन की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनें बंद कर दी गई हैं और एक्सप्रेसवे समेत पुराने हाईवे पर भी ट्रैफिक बाधित है। नालासोपारा में रेलवे ट्रैक और सड़कें पानी में डूब गई हैं।

हालात को संभालने के लिए BMC और अन्य सरकारी एजेंसियों के लगभग 15,000 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। हालांकि, इस भारी बारिश से मुंबई के सात जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले 24 घंटों में 3.73% बढ़कर 16.92% तक पहुंच गया है। IMD ने समुद्र में ऊंची लहरों और निचले इलाकों में जलजमाव की चेतावनी जारी की है।