Mumbai में भारी बारिश से हवाई सफर ठप, IndiGo और Akasa Air की कई उड़ानें रद्द, कई फ्लाइट्स डायवर्ट

Maharashtra: मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है, जिससे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर काम

Maharashtra: मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है, जिससे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर कामकाज प्रभावित हुआ। IndiGo और Akasa Air जैसी एयरलाइंस को अपनी कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि बड़ी संख्या में फ्लाइट्स देरी से चलीं या दूसरे शहरों की ओर मोड़ दी गईं।

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था। मौसम इतना खराब था कि 6 जुलाई को सुबह 10:17 से 11:17 बजे तक रनवे का संचालन पूरी तरह बंद करना पड़ा। तेज हवाओं और कम विजिबिलिटी की वजह से सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने निजी दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी और गैर-जरूरी सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की थी।

हवाई यातायात पर असर की बात करें तो 6 जुलाई की दोपहर तक 17 उड़ानें रद्द हुईं और 217 फ्लाइट्स की समय सारिणी में बदलाव हुआ। लगभग 89 प्रतिशत उड़ानें देरी से रवाना हुईं। कई विमानों को मुंबई के बजाय दूसरे शहरों में लैंड कराना पड़ा, जिसकी जानकारी नीचे दी गई है:

एयरलाइन फ्लाइट नंबर रूट कहाँ डायवर्ट हुई
IndiGo 6E 594 प्रयागराज से मुंबई हैदराबाद
IndiGo 6E 1340 सिंगापुर से मुंबई हैदराबाद
Akasa Air QP 1110 दिल्ली से मुंबई अहमदाबाद
Oman Air WY 203 मस्कट से मुंबई बेंगलुरु
Air India AI 2772 कोलकाता से मुंबई वडोदरा

IndiGo और Akasa Air ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि मुंबई, पुणे और गोवा में भारी बारिश की वजह से फ्लाइट्स में देरी हो सकती है, इसलिए यात्री घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। Air India और SpiceJet ने भी इसी तरह की चेतावनी जारी की है।

इस प्राकृतिक आपदा का असर जान-माल पर भी पड़ा है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुंबई में जुलाई की औसत बारिश का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ चार दिनों में ही गिर गया। वहीं, आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन के मुताबिक, पिछले तीन-चार दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की जान जा चुकी है।