Mumbai में भारी बारिश से लैंडस्लाइड, 7 लोगों की मौत और 4 घायल, घाटकोपर के चिराग नगर में गिरा पहाड़
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया। चिराग नगर के गौशिया चॉल में पहाड़ी का एक हिस्सा ढहकर नीचे आ गया, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 7 लोगों की जान चली गई
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया। चिराग नगर के गौशिया चॉल में पहाड़ी का एक हिस्सा ढहकर नीचे आ गया, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 7 लोगों की जान चली गई और 4 लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 3:48 बजे हुई जब लोग सो रहे थे और मलबे ने दो से तीन घरों को पूरी तरह दबा लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए BMC ने इसे लेवल-II इवेंट घोषित किया है। मौके पर NDRF, मुंबई फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि, गलियां बहुत संकरी होने की वजह से भारी मशीनों को वहां ले जाने में काफी मुश्किल आ रही है। मलबे में अभी भी एक व्यक्ति के दबे होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा किया और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। DCP गणेश शिंदे ने पुष्टि की है कि भारी बारिश ही इस लैंडस्लाइड का मुख्य कारण बनी। वहीं, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने BMC पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सुरक्षा ऑडिट और प्रोटेक्टिव वॉल बनाने की मांग की गई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया।
| मृतकों के नाम | उम्र |
|---|---|
| मोहम्मद समीर अंसारी | 14 |
| साहिल हुसैन अब्दुल काजी | 19 |
| अबान आरिफ शेख | 2 |
| मानत आरिफ शेख | 4 |
| मर्जिना आरिफ शेख | 27 |
| विकेत रमेश यादव | 27/29 |
| एक व्यक्ति (अज्ञात) | 45 |
घायलों में फराना दिलबर खान, दिलबर अमनुल्ला खान और शमीन मुस्लिम खान को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोहेल अंसारी, मोहम्मद अंसारी, नईमुद्दीन इकबाल खान और साजिद अंसारी को कुर्ला भाभा अस्पताल में इलाज के लिए रखा गया है, जहाँ उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
IMD ने पश्चिमी भारत में मानसून के और सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने बाढ़ और लैंडस्लाइड वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और BMC की एडवाइजरी के मुताबिक सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है। इससे पहले मंगलवार को भी मुंबई में भारी बारिश हुई थी, जिससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ था और शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया था।