Mumbai में डेटिंग ऐप के जरिए जालसाजी, शख्स को बंधक बनाकर लूटे 50,000 रुपये
Maharashtra: मुंबई में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती करने वालों के लिए एक चेतावनी भरी खबर सामने आई है। यहाँ एक 31 साल के व्यक्ति को डेटिंग ऐप के जरिए बुलाया गया और फिर उसके साथ मारपीट कर 50,000 रुपये लूट लिए गए। यह पूरी घटना
Maharashtra: मुंबई में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती करने वालों के लिए एक चेतावनी भरी खबर सामने आई है। यहाँ एक 31 साल के व्यक्ति को डेटिंग ऐप के जरिए बुलाया गया और फिर उसके साथ मारपीट कर 50,000 रुपये लूट लिए गए। यह पूरी घटना 30 जुलाई की है, जिसमें पीड़ित को डरा-धमकाकर पैसे वसूले गए।
पीड़ित शख्स शिवाजी नगर का रहने वाला है और एक प्राइवेट कंपनी में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम करता है। उसका ऑफिस Bandra Kurla Complex में है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले डेटिंग ऐप के जरिए पीड़ित को फंसाया और फिर उसे एक जगह बुलाया। वहां पहुँचते ही आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे नग्न कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए या शोर मचाया, तो वे इस बात को सार्वजनिक कर देंगे।
Deonar पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को शक है कि यह किसी बड़े गैंग का काम है जो डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करके पुरुषों को निशाना बनाते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधी इस बात का फायदा उठाते हैं कि पीड़ित व्यक्ति समाज में अपनी छवि खराब होने या ‘गे’ टैग लगने के डर से शिकायत नहीं करेगा।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुँचाना), 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 309 (लूट), 311 (मौत या गंभीर चोट पहुँचाने की कोशिश के साथ लूट) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही इसमें IT एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि इस तरह की वारदातें पहले भी हुई हैं। पुणे में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था जहाँ एक 26 साल के बैंकर को डेटिंग ऐप के जरिए बुलाकर अगवा किया गया और उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।