Mumbai के Coastal Road टनल में लगी आग, BMC ने जारी की सेफ्टी गाइडलाइन, जानें आपात स्थिति में कैसे निकलें बाहर
Maharashtra: मुंबई के छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड (साउथ) के नॉर्थबाउंड टनल में बुधवार को एक कार में आग लग गई। दोपहर करीब 12:25 बजे हुई इस घटना से टनल के अंदर मौजूद ड्राइवरों में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने अपनी गाड़ि
Maharashtra: मुंबई के छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड (साउथ) के नॉर्थबाउंड टनल में बुधवार को एक कार में आग लग गई। दोपहर करीब 12:25 बजे हुई इस घटना से टनल के अंदर मौजूद ड्राइवरों में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने अपनी गाड़ियां वहीं छोड़कर बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। मुंबई फायर ब्रिगेड ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद 12:44 बजे तक आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई।
इस घटना के बाद बीएमसी (BMC) ने गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को वाहन चालकों के लिए एक जरूरी सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि टनल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, लेकिन लोगों को उनकी जानकारी नहीं थी, जिसकी वजह से अफरा-तफरी मची। फायर ब्रिगेड के डिविजनल ऑफिसर उमेश पालांडे ने बताया कि टनल का सकारडो वेंटिलेशन सिस्टम धुएं को बाहर निकालने में कामयाब रहा और फायर हाइड्रेंट्स ने आग को फैलने से रोका।
बीएमसी ने टनल का इस्तेमाल करने वालों के लिए इमरजेंसी नियमों की एक लिस्ट जारी की है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटा जा सके।
| क्या करें (Emergency Rules) |
|---|
| गाड़ी को सुरक्षित रोकें और तुरंत इंजन बंद कर दें। |
| इग्निशन की (चाबी) गाड़ी के अंदर ही छोड़ें और तुरंत बाहर निकलें। |
| गाड़ी को रिवर्स करने या यू-टर्न लेने की कोशिश न करें, इससे रास्ता जाम हो सकता है। |
| हर 100 मीटर पर लगे इमरजेंसी फोन का इस्तेमाल कर कंट्रोल रूम को सूचना दें। |
| पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) से होने वाली घोषणाओं को ध्यान से सुनें। |
| दीवारों पर बने तीरों (Arrows) के निशान का पालन करें और पास के क्रॉस पैसेज की ओर जाएं। |
| क्रॉस पैसेज के दरवाजे को पैनिक बार से खोलकर बगल वाली टनल में चले जाएं। |
| दाईं ओर की दीवार के साथ चलते हुए सुरक्षित एग्जिट की तरफ बढ़ें। |
| जब तक कंट्रोल रूम या रेस्क्यू टीम न कहे, अपनी गाड़ी वापस लेने न जाएं। |
| दौड़ें नहीं और अपना कीमती सामान लेने के चक्कर में समय बर्बाद न करें। |
फेडरेशन ऑफ रिटेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेन शाह ने इस घटना को किसी हॉलीवुड फिल्म जैसा बताया और बेहतर साइनबोर्ड लगाने की मांग की। बीएमसी अब टनल में अलग-अलग रंगों के साइनबोर्ड लगाएगी और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर (कंट्रोल रूम: 7738989116, फायर ब्रिगेड: 101) साफ लिखे जाएंगे। साथ ही, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों के साथ मिलकर मॉक ड्रिल भी की जाएगी ताकि लोग सुरक्षित बाहर निकलने का तरीका सीख सकें। मुंबई पुलिस और आरटीओ (RTO) मिलकर कार में आग लगने के असली कारण की जांच कर रहे हैं।