Mumbai में सरकारी नौकरी की परीक्षा में नकल, IIT-B कैंपस के स्कूल में 5 उम्मीदवारों पर FIR दर्ज
Maharashtra: मुंबई के पवई इलाके में सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी की चपरासी भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच उम्मीदवारों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिन्होंने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्त
Maharashtra: मुंबई के पवई इलाके में सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी की चपरासी भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच उम्मीदवारों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिन्होंने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया। यह पूरी घटना रविवार को IIT-बॉम्बे कैंपस में स्थित केंद्रीय विद्यालय में हुई।
जानकारी के मुताबिक, यह परीक्षा ग्रुप डी मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पदों के लिए आयोजित की गई थी। रविवार सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे के बीच पांच लोग नकल करते हुए पकड़े गए। इनमें से चार उम्मीदवार हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पवई पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने काफी इंतजाम किए थे। हर कमरे में जैमर लगाए गए थे और उम्मीदवारों की एंट्री के समय कड़ी सुरक्षा जांच की गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 14 कमरों में 324 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनकी निगरानी के लिए 28 इनविजिलेटर तैनात थे।
सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी ने इन गैर-शिक्षण पदों के लिए पहले ही विज्ञापन नंबर 02/2026 जारी किया था। इस भर्ती के जरिए कुल 144 पदों को भरा जाना है, जिसके लिए आवेदन मार्च से मई 2026 के बीच लिए गए थे। चयन के लिए लिखित परीक्षा के साथ-साथ कुछ मामलों में स्किल टेस्ट और इंटरव्यू भी आयोजित किए जाते हैं।