Mumbai में 15 अगस्त से पहले बम धमाकों की धमकी, मेट्रो, BSE और मेयर ऑफिस समेत कई जगह अलर्ट

Maharashtra: मुंबई में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार सुबह मेयर रितु तावड़े को उनके आधिकारिक ईमेल पर बम धमाकों की धमकी मिली। इस ईमेल में शहर के कई इलाकों में विस्फोट करने की बात कही ग

Maharashtra: मुंबई में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार सुबह मेयर रितु तावड़े को उनके आधिकारिक ईमेल पर बम धमाकों की धमकी मिली। इस ईमेल में शहर के कई इलाकों में विस्फोट करने की बात कही गई थी, जिसके बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।

धमकी भरे इस ईमेल में धमाकों का समय भी बताया गया था। इसमें मेयर ऑफिस और BSE के लिए दोपहर 13:11 बजे, मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए 14:11 बजे और विभिन्न BMC दफ्तरों के लिए 15:11 बजे का समय लिखा था। ईमेल भेजने वाले ने खालिस्तानी नारे लगाए थे और दावा किया था कि सिखों के लिए कोई स्वतंत्रता दिवस नहीं होगा। साथ ही उसने भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाने और जश्न में खलल डालने की बात कही थी।

खतरे को देखते हुए मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) की टीमों ने BMC मुख्यालय और अन्य जगहों पर सघन तलाशी ली। एहतियात के तौर पर कई दफ्तरों को खाली कराया गया। हालांकि, पूरी जांच के बाद किसी भी जगह कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

ईमेल में सिर्फ दफ्तर ही नहीं, बल्कि मुंबई मेट्रो नेटवर्क, स्कूलों और कई बड़े नेताओं के नाम भी शामिल थे। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में अभिभावकों को बच्चों को स्कूल न भेजने और लोगों को मेट्रो से सफर न करने की सलाह दी गई थी।

मुंबई पुलिस की साइबर सेल अब इस ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है और अपराधी की पहचान होते ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में मेयर ऑफिस को इस तरह की धमकी तीसरी बार मिली है। फिलहाल मेयर और BMC दफ्तरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।