Mumbai में मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, Independence Day से पहले शहर को रोकने की साजिश

Maharashtra: मुंबई की मेयर रितु तावडे के ऑफिस को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस ईमेल में दावा किया गया है कि 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में कई धमाके किए जाएंगे। भेजने वाले ने साफ लिखा है

Maharashtra: मुंबई की मेयर रितु तावडे के ऑफिस को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस ईमेल में दावा किया गया है कि 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में कई धमाके किए जाएंगे। भेजने वाले ने साफ लिखा है कि उसका मकसद मुंबई को रोकना और आजादी के जश्न में खलल डालना है।

यह धमकी शुक्रवार सुबह 7 अगस्त 2026 को मिली। ईमेल में समय का भी जिक्र किया गया है, जिसमें दोपहर 12:11 बजे मुंबई को रोकने और दोपहर 3:11 बजे मेयर ऑफिस पर हमले की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, इस ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे थे और भारत की अर्थव्यवस्था को तबाह करने की धमकी दी गई थी।

खतरे की सूचना मिलते ही BMC ऑफिस और शहर के अन्य जरूरी ठिकानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस और साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले का पता लगाने में जुटे हैं। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और स्निफर डॉग्स की मदद से सिविक मुख्यालय, मेट्रो स्टेशनों और स्कूलों में तलाशी ली गई।

ईमेल में केवल मेयर ऑफिस ही नहीं, बल्कि मुंबई मेट्रो नेटवर्क, बड़े स्कूलों और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम भी लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेयर रितु तावडे को इस तरह की धमकी तीसरी बार मिली है। फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। लोगों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।