Mumbai के BKC मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट से जहरीला सांप रेस्क्यू, लोगों के लिए जारी की गई चेतावनी
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के BKC मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में मंगलवार सुबह एक बेहद जहरीला रसेल वाइपर (Russell’s viper) सांप पाया गया. मेट्रो लाइन 3 के स्टेशन के बेसमेंट-2 में सांप को देखकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी घबरा गए
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के BKC मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में मंगलवार सुबह एक बेहद जहरीला रसेल वाइपर (Russell’s viper) सांप पाया गया. मेट्रो लाइन 3 के स्टेशन के बेसमेंट-2 में सांप को देखकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी घबरा गए, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई रेंज कंट्रोल रूम के राउंड ऑफिसर दिलीप गायकवाड़ और फॉरेस्ट गार्ड को सूचित किया गया. वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एंड रेस्क्यू एसोसिएशन (VAPRA) के स्नेक रेस्क्यूटर अतुल कांबले ने इस ऑपरेशन की कमान संभाली. करीब दो से ढाई फीट लंबे इस सांप को, जिसे स्थानीय भाषा में ‘घोनस’ कहा जाता है, सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया.
रेस्क्यू के दौरान अतुल कांबले ने बताया कि सांप बहुत कमजोर और डिहाइड्रेटेड लग रहा था, जिसकी वजह से वह सुस्त था. जब उसे पानी दिया गया, तो वह तुरंत सक्रिय हो गया और जोर-जोर से फुफकारने लगा. भारी बारिश के बावजूद इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया और सांप को वन विभाग के नियमों के अनुसार सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया.
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान भारी बारिश की वजह से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे सुरक्षित ठिकानों की तलाश में शहरों और रिहायशी इलाकों की तरफ आते हैं. इस घटना के बाद मेट्रो स्टाफ को सांपों के व्यवहार और उनसे बचाव के तरीकों की ट्रेनिंग दी गई है.
वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने आम जनता को सलाह दी है कि वे खुद सांप को पकड़ने की कोशिश न करें. अगर कहीं सांप दिखे तो तुरंत फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की हेल्पलाइन नंबर 1926 पर कॉल करें. साथ ही, इस बात की आशंका भी जताई गई है कि आसपास और भी छोटे सांप हो सकते हैं, क्योंकि यह प्रजाति एक साथ कई बच्चों को जन्म देती है.