Mumbai के Bandra में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 64 साल के व्यक्ति की मौत, 2 फायरमैन घायल
Maharashtra/Mumbai: बांद्रा वेस्ट के शेरली राजन रोड पर स्थित अटलांटिक बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर बुधवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 64 साल के अज़ीम बारोडवाला की जान चली गई, जबकि आग बुझाने के दौरान दो फायरमैन धुएं की
Maharashtra/Mumbai: बांद्रा वेस्ट के शेरली राजन रोड पर स्थित अटलांटिक बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर बुधवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 64 साल के अज़ीम बारोडवाला की जान चली गई, जबकि आग बुझाने के दौरान दो फायरमैन धुएं की वजह से घायल हो गए।
मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को आग की जानकारी रात करीब 9:12 बजे मिली थी। आग इतनी तेजी से फैली कि रात 9:55 बजे इसे लेवल-I फायर में अपग्रेड करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात 11:50 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान सातवीं मंजिल के कमरा नंबर 701 और 702 में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वाले अज़ीम बारोडवाला को भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, बांद्रा फायर स्टेशन के शिवशंकर भारत पुरी (32) और नवनाथ मोहन बाइट (34) दम घुटने के कारण घायल हो गए। दोनों का इलाज भाभा अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आग बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन और घर के सामान में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, अडानी इलेक्ट्रिसिटी के अधिकारी और बीएमसी के वार्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।