Lucknow में कल धरने पर बैठेंगे सांसद चंद्रशेखर, NEET परीक्षा में गड़बड़ी और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

UP/Lucknow : नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर शनिवार, 25 जुलाई को लखनऊ के इको गार्डन में धरना प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली में अपना धरना समाप्त करने के बाद अब वह उत्तर प्रदेश की राजधानी में छात्रों के हक

UP/Lucknow : नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर शनिवार, 25 जुलाई को लखनऊ के इको गार्डन में धरना प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली में अपना धरना समाप्त करने के बाद अब वह उत्तर प्रदेश की राजधानी में छात्रों के हक के लिए आवाज उठाएंगे। इस प्रदर्शन को लेकर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं को अलर्ट कर दिया गया है।

यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से NEET जैसी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर किया जा रहा है। चंद्रशेखर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। साथ ही उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी दोहराई है।

सांसद चंद्रशेखर ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि लखनऊ के कार्यक्रम में केवल वही पदाधिकारी और कार्यकर्ता आएं जिन्हें संगठन ने बुलाया है। बाकी कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने-अपने जिलों में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें और अनुशासन बनाए रखें। वह लखनऊ में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपेंगे।

चंद्रशेखर ने सरकार को 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वह ‘जेल भरो आंदोलन’ और ‘भारत बंद’ जैसे बड़े कदम उठाएंगे। इससे पहले लखनऊ में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा था, जिसे देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है।