MP में बैंक से लूटा गया 14 किलो सोना, बिहार STF ने गया से मुख्य आरोपी समेत दो को दबोचा
Bihar/Gaya: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बैंक से भारी मात्रा में सोना और नगदी लूटने वाले गिरोह का बिहार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिहार STF और गया की पुलिस ने मिलकर इस बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया
Bihar/Gaya: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बैंक से भारी मात्रा में सोना और नगदी लूटने वाले गिरोह का बिहार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिहार STF और गया की पुलिस ने मिलकर इस बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सुनील पासवान और लूटा हुआ सोना बेचने वाले श्रवण कुमार को पकड़ा गया है।
यह मामला 11 अगस्त 2025 का है जब जबलपुर के खितौला स्थित ESAF Small Finance Bank की शाखा में डकैती हुई थी। लुटेरों ने बैंक से 14.873 किलोग्राम सोने के गहने और 5 लाख रुपये से ज्यादा की नगदी लूटी थी। इस बड़ी वारदात के बाद जबलपुर पुलिस और बिहार STF ने तालमेल बिठाकर जांच शुरू की। बिहार STF की बैंक एंड ज्वेलरी सेल, गया के इमामगंज थाना और बोधगया SWAT टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को पकड़ा।
मुख्य आरोपी सुनील नरेश पासवान एक शातिर अपराधी है जो मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में बैंक लूट की कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सुनील को लूट के हिस्से के रूप में 1.5 किलो सोना मिला था। वहीं, श्रवण कुमार उर्फ छोटू महतो को इमामगंज से गिरफ्तार किया गया, जो लूटे हुए सोने को ठिकाने लगाने का काम कर रहा था। श्रवण के पास से 349 ग्राम लूटा हुआ सोना, एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरी डकैती की साजिश छत्तीसगढ़ की रायगढ़ जेल में बंद रईस सिंह लोधी ने रची थी। पुलिस ने इस मामले में चंचल नानकू पासवान, राजेश दास और इंद्रजीत दास को भी गिरफ्तार किया है। अब तक की कार्रवाई में कुल 4 किलो से ज्यादा सोना और कुछ नगदी बरामद की जा चुकी है, जबकि बाकी सामान की तलाश जारी है।
बिहार पुलिस के ADG कुंदन कृष्णन ने बताया कि बैंक लूट जैसी वारदातों के लिए अब संगठित अंतरराज्यीय गैंग काम कर रहे हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने सुनील पासवान की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी बताया है।