UP, Bihar समेत उत्तर भारत में मानसून की रफ्तार बढ़ेगी, दिल्ली में जुलाई के पहले हफ्ते तक बारिश की उम्मीद
UP/Bihar: पिछले दो हफ्तों से मानसून की सुस्ती के बाद अब उत्तर भारत में बारिश की रफ्तार बढ़ने वाली है। बंगाल की खाड़ी में अगले चार-पांच दिनों में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जिससे मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा। फिलहाल मानसून बि
UP/Bihar: पिछले दो हफ्तों से मानसून की सुस्ती के बाद अब उत्तर भारत में बारिश की रफ्तार बढ़ने वाली है। बंगाल की खाड़ी में अगले चार-पांच दिनों में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जिससे मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा। फिलहाल मानसून बिहार के मुजफ्फरपुर के पास रुका हुआ है, लेकिन जल्द ही यह अन्य राज्यों की ओर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून काफी धीमा रहा है और 23 जून तक देश में सामान्य से 42 प्रतिशत कम बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश में 47 प्रतिशत, बिहार में 44 प्रतिशत और झारखंड में 65 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वी मध्य प्रदेश में यह कमी 60 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिससे कई राज्यों में सूखे जैसे हालात बन रहे हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों तक पूर्वी UP में लू जैसी स्थिति रह सकती है और बिहार व पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में गर्म हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, मुंबई में हो रही भारी बारिश से संकेत मिला है कि पश्चिमी तट पर मानसून मजबूत हो रहा है।
स्काइमेट के प्रवक्ता महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी प्रशांत महासागर में सक्रिय तूफान की वजह से हिंद महासागर की नमी वाली हवाएं उस तरफ खिंच रही थीं, जिससे बंगाल की खाड़ी में सिस्टम नहीं बन पाया। अब अगले तीन-चार दिनों में इसका असर कम होगा और मानसून को नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे यह UP, बिहार और उत्तराखंड की तरफ तेजी से बढ़ेगा।
Delhi और NCR के लोगों को बारिश के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। आमतौर पर मानसून 27 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंचने की संभावना है। हालांकि, इस बीच तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को गुजरात में दाखिल होकर सूरत तक पहुंच गया है और अगले सात दिनों तक वहां हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।