Mathura में होटलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, लखनऊ अग्निकांड के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए कड़े निर्देश

Mathura: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मथुरा प्रशासन अब होटलों और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने होटल संचालकों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें साफ कहा गया कि य

Mathura: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मथुरा प्रशासन अब होटलों और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने होटल संचालकों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें साफ कहा गया कि यात्रियों की जान के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है।

प्रशासन ने पिछले कुछ समय से मथुरा और वृंदावन के अलग-अलग इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया है। धौलीप्याऊ, मयूर विहार और मालगोदाम रोड जैसे क्षेत्रों में जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 6 होटल और गेस्ट हाउस बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, 24 जून को सुरक्षा मानकों को पूरा न करने पर 12 कोचिंग-लाइब्रेरी और दो होटल सील किए गए। वृंदावन के चैतन्य विहार और अन्य इलाकों में भी MVDA और अग्निशमन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अवैध भवनों और होटलों को सील किया।

जांच के दौरान प्रशासन मुख्य रूप से सराय एक्ट में रजिस्ट्रेशन, फायर सेफ्टी NOC, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति और स्वीकृत नक्शों की जांच कर रहा है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आगंतुक रजिस्टर में आईडी दर्ज है या नहीं और सीसीटीवी कैमरे सही से काम कर रहे हैं या नहीं।

होटल संचालकों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर इन मानकों को पूरा करने के लिए कुछ समय मांगा था। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने उनकी बात सुनने का आश्वासन तो दिया, लेकिन यह भी स्पष्ट कर दिया कि नियमों का मखौल उड़ाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।