Maharashtra TET पेपर लीक मामला, मास्टरमाइंड वीरेंद्र कुमार गुप्ता बिहार से गिरफ्तार

Maharashtra: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। भिवंडी पुलिस की एक विशेष टीम

Maharashtra: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। भिवंडी पुलिस की एक विशेष टीम ने उसे बिहार से पकड़कर हवाई मार्ग से पुणे एयरपोर्ट पहुंचाया, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच भिवंडी ले जाया गया। पुलिस अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाणे के जॉइंट सीपी पंजाबराव उगले की अगुवाई में एक SIT का गठन किया था। जांच में यह बात सामने आई कि पेपर लीक करने में उस प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों की मिलीभगत थी जहां TET परीक्षा के पेपर छपे थे। पुलिस ने पहले ही आगरा से तीन प्रिंटिंग प्रेस कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। जांच अधिकारियों को शक है कि वीरेंद्र कुमार गुप्ता और सोनू सिंह, जो दोनों बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं, के बीच पुराने संबंध हैं और उन्होंने मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।

इस केस में वीरेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी पहले ही गिरफ्तार हो चुकी हैं। इसके अलावा कपिल दहिया, मिथुन सिंह, सोनू सिंह, संजय शर्मा, बाबूलाल नारायण सिंह कुशवाह और नरेश कुमार माहेर जैसे कई अन्य आरोपियों को भी पुलिस पकड़ चुकी है। जांच एजेंसियां अब केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे की फंडिंग और आर्थिक लेन-देन की भी गहराई से जांच करेंगी।

पेपर लीक की आशंका के कारण महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने 28 जून 2026 को होने वाली TET परीक्षा को स्थगित कर दिया था। परीक्षा टलने से उम्मीदवारों में काफी नाराजगी है और नई तारीख का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे पेपर लीक सरकार कहा है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।