Maharashtra में पेपर लीक के शक में TET परीक्षा टली, 6 लाख उम्मीदवारों पर असर

Maharashtra: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को अचानक स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा रविवार, 28 जून को होनी थी, लेकिन भिवंडी से प्रश्न पत्र लीक होने की खबर के बाद इसे रोक दिया गय

Maharashtra: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को अचानक स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा रविवार, 28 जून को होनी थी, लेकिन भिवंडी से प्रश्न पत्र लीक होने की खबर के बाद इसे रोक दिया गया। इस फैसले से राज्य के 6 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों की तैयारी और समय पर असर पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, 27 जून की सुबह भिवंडी पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने जब छापेमारी की, तो कुछ लोगों के पास ऐसे सवाल मिले जो असली TET 2026 के पेपर से मेल खा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने बिहार के राजीव शाह और आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज कुमार नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। भिवंडी पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर आपराधिक केस दर्ज कर लिया गया है।

MSCE के डायरेक्टर नंदकुमार बेडसे ने पुष्टि की है कि पुलिस को पेपर लीक की गोपनीय जानकारी मिली थी। वहीं डिप्टी कमिश्नर प्रिया शिंदे ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अपनी तैयारी जारी रखें। परिषद ने कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।

इस घटना के बाद राजनीति भी गरमा गई है। शिवसेना (UBT) के युवा सेना नेता कल्पेश यादव ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है और मामले की CID जांच की मांग की है। कांग्रेस और AIMIM जैसी विपक्षी पार्टियों ने भी इस घटना की आलोचना की है।

गौरतलब है कि MSCE ने पहले भी इस परीक्षा की तारीख 21 जून से बदलकर 28 जून की गई थी, क्योंकि उस दिन NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा होनी थी। अब नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की गई है। परिषद ने कहा है कि संशोधित शेड्यूल जल्द ही उनकी ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।