Maharashtra, Mumbai समेत कई जिलों में बारिश का Yellow Alert, कहीं लू तो कहीं गरज के साथ बरसेंगे बादल

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। IMD ने कोंकण क्षेत्र के सभी जिलों समेत मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर दि

Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। IMD ने कोंकण क्षेत्र के सभी जिलों समेत मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर दिखेगा, जहां कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी तो कुछ जगह लू और उमस परेशान करेगी।

मुंबई में दोपहर या शाम के समय बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी होने की वजह से शहर में गर्मी और उमस बनी रहेगी और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। सोमवार सुबह संताक्रूज समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। इस साल मुंबई में मानसून की देरी को एक्सपर्ट्स El Nino का असर बता रहे हैं। जून के महीने में अब तक सिर्फ एक दिन बारिश हुई है, जो पिछले एक दशक का सबसे सूखा जून है।

कोंकण और गोवा के साथ-साथ मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 17 जून तक मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। कोंकण और गोवा में 18 जून तक रातें गर्म रहने का अनुमान है। वहीं, पुणे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कोल्हापुर, सतारा, सांगली और सोलापुर में बिजली कड़कने के साथ तूफान आने की आशंका है।

मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर और जालना जिलों में लू (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया गया है। परभणी और हिंगोली में हल्की बारिश होगी, जबकि बीड़, नांदेड़, लातूर और धाराशिव में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विदर्भ के अमरावती, भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल जिलों में लू के साथ-साथ तेज हवाओं और गरज-चमक का असर रहेगा।

मानसून की धीमी रफ्तार को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को सलाह दी थी कि वे 15 जून तक जल्दबाजी में बुआई न करें। फिलहाल मुंबई की सात झीलों में पानी का स्तर सिर्फ 10 प्रतिशत है। 15 जून को मुंबई में दोपहर 12:14 बजे और रात 11:59 बजे करीब 4.8 मीटर ऊंचे ज्वार (High Tide) आने की संभावना है।