Maharashtra में Zepto, Blinkit और Instamart के 14 लाइसेंस सस्पेंड, दुकानों में मिले चूहे और कॉकरोच

Maharashtra: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने क्विक-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्यव्यापी जांच के बाद Zepto, Blinkit और Instamart जैसे प्लेटफॉर्म्स के 14 लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं।

Maharashtra: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने क्विक-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्यव्यापी जांच के बाद Zepto, Blinkit और Instamart जैसे प्लेटफॉर्म्स के 14 लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। यह कदम 13 अगस्त 2026 को चलाए गए एक विशेष निरीक्षण अभियान के बाद उठाया गया है, जिसका उद्देश्य लोगों तक पहुंचने वाले खाने-पीने के सामान की शुद्धता और सफाई की जांच करना था।

यह पूरी कार्रवाई फूड सेफ्टी कमिश्नर तुकाराम मुंडे के निर्देश पर ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई आउटलेट्स में साफ-सफाई का बुरा हाल था। यहाँ खाने के सामान के पास चूहे की बीट और कॉकरोच पाए गए। साथ ही, एक्सपायरी डेट निकल चुके चिकन, फ्रूटी और एप्पल फिज़ जैसे प्रोडक्ट्स भी रखे हुए थे। कई जगह सब्जियां सड़ी हुई थीं और खाने के पैकेट सीधे गंदी जमीन या जंग लगे रैक पर रखे मिले।

FDA ने बताया कि इस अभियान में कुल 86 दुकानों की जांच की गई, जिनमें से 14 के लाइसेंस रद्द किए गए और 60 आउटलेट्स को सुधार के लिए नोटिस दिया गया। एक दुकान को तो तुरंत काम बंद करने का आदेश दिया गया। अधिकारियों ने पाया कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में कमी थी, उन्होंने जरूरी मेडिकल जांच नहीं कराई थी और न ही सुरक्षा गियर पहने थे। इसके अलावा, फ्रीजर का तापमान भी तय सीमा से ज्यादा था, जिससे फ्रोजन सामान खराब होने का खतरा था।

कंपनी/आउटलेट सस्पेंड लाइसेंस की संख्या
Blinkit 5
Zepto 5
Instamart 2
Bhagwati Stores 1
Swinsta Ent Pvt Ltd 1

इस मामले पर Zepto के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी फूड सेफ्टी और हाइजीन के मानकों को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों के साथ मिलकर कमियों को दूर करने में जुटे हैं ताकि जल्द से जल्द काम दोबारा शुरू हो सके। FDA ने सभी ऑनलाइन फूड बिजनेस को चेतावनी दी है कि वे स्टोरेज और सफाई के नियमों का सख्ती से पालन करें।