Maharashtra FDA ने Goree और Face Fresh जैसी फेयरनेस क्रीम पर लगाया बैन, शरीर में पाया गया पारा और लेड
Maharashtra: महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग (FDA) ने बाजार में बिकने वाली तीन फेयरनेस क्रीम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। जांच में इन क्रीम्स में पारा (mercury) और लेड (lead) की मात्रा तय सीमा से कहीं ज्यादा मिली है, ज
Maharashtra: महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग (FDA) ने बाजार में बिकने वाली तीन फेयरनेस क्रीम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। जांच में इन क्रीम्स में पारा (mercury) और लेड (lead) की मात्रा तय सीमा से कहीं ज्यादा मिली है, जो इंसानी शरीर के लिए बेहद खतरनाक है। विभाग ने इन क्रीम्स की बिक्री पर तुरंत रोक लगा दी है और इन्हें बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया है।
FDA ने खास तौर पर Goree Beauty Cream, Face Fresh Gold (ब्यूटी क्रीम और सीरम) और Golden Star Beauty Cream के इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी दी है। लैब टेस्ट में इन्हें ‘नॉन स्टैंडर्ड क्वालिटी’ (NSQ) पाया गया है। इन क्रीम्स में जरूरी जानकारी जैसे बनाने वाली कंपनी का नाम, पता, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट भी नहीं लिखी थी, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
इस खतरे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 26 जून को पुणे में एक व्यक्ति की किडनी खराब होने का मामला सामने आया था, जिसका संबंध एक बिना ब्रांड वाली फेयरनेस क्रीम के इस्तेमाल से था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पाकिस्तान से आने वाली ऐसी क्रीम्स पर नजर रखी जा रही है, जिनमें पारे की मात्रा बहुत अधिक होती है। मुंबई पुलिस ने चेम्बूर के एक दुकानदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया है, जो बैन होने के बावजूद Goree क्रीम बेच रहा था।
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने बताया कि विभाग ने जून महीने में 34 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर छापेमारी की और करीब 4.12 करोड़ रुपये के अवैध ड्रग्स और कॉस्मेटिक्स जब्त किए। डॉक्टर मोंढे ने लोगों को सलाह दी है कि जो क्रीम रातों-रात गोरा करने का दावा करती हैं, उनसे दूर रहें। उन्होंने कहा कि बिना किसी सर्टिफिकेशन और सामग्री की जानकारी वाली क्रीम का इस्तेमाल करना सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे कॉस्मेटिक्स केवल अधिकृत दुकानों से ही खरीदें और पैकेट पर लिखी पूरी जानकारी जरूर जांचें। अगर कोई इन प्रतिबंधित क्रीम्स को बेचता हुआ दिखे, तो इसकी शिकायत महाराष्ट्र FDA के टोल-फ्री हेल्पलाइन या ईमेल पर की जा सकती है।