Maharashtra में सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई Tempo Traveller, एक ही परिवार के 8 लोग घायल
Maharashtra/Bhiwandi : मुंबई-नासिक हाईवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भिवंडी तालुका के सोनले गांव के पास एक टेंपो ट्रैवलर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में जलगांव जिले के चालीसगांव के रहने वाले एक ही परि
Maharashtra/Bhiwandi : मुंबई-नासिक हाईवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भिवंडी तालुका के सोनले गांव के पास एक टेंपो ट्रैवलर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में जलगांव जिले के चालीसगांव के रहने वाले एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह परिवार अपने रिश्तेदारों को उमराह यात्रा के लिए मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने गया था और वहां से वापस चालीसगांव लौट रहा था। तभी भारी बारिश की वजह से सड़क पर विजिबिलिटी कम हो गई और टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले भिवंडी के इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को उनके रिश्तेदार बेहतर इलाज के लिए जलगांव ले गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बारिश की वजह से ड्राइवर को सामने खड़ा ट्रक समय पर नहीं दिखा। टेंपो ट्रैवलर के ड्राइवर तौसीफ ने बताया कि वह दो गाड़ियों को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था और उसे लगा कि ट्रक चल रहा है, इसलिए वह उसकी पिछली तरफ जा टकराया। वहीं, घायल परिवार वालों का आरोप है कि ट्रक ड्राइवर ने बिना इंडिकेटर जलाए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर हर्षवर्धन बरवे ने बताया कि घायलों के बयान अभी नहीं लिए जा सके हैं क्योंकि वे अपने रिश्तेदारों के साथ अपने गांव चले गए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि खड़े ट्रक ने सुरक्षा नियमों का पालन किया था या नहीं। सोशल मीडिया पर इस हादसे का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।