Lucknow Zoo में मनाया गया विश्व सर्प दिवस, सांपों से सुरक्षा और बचाव के लिए जारी की गई गाइडलाइन

Lucknow: लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में 16 जुलाई को विश्व सर्प दिवस के मौके पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मकसद लोगों को सांपों के महत्व के बारे में बताना और सर्पदंश से बचने के तर

Lucknow: लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में 16 जुलाई को विश्व सर्प दिवस के मौके पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मकसद लोगों को सांपों के महत्व के बारे में बताना और सर्पदंश से बचने के तरीके सिखाना था। चिड़ियाघर के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने बताया कि सांप पर्यावरण के लिए कितने जरूरी हैं और उन्हें मारने के बजाय उनसे सुरक्षित दूरी बनाना बेहतर है।

प्राणी उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने कहा कि पृथ्वी पर मौजूद हर जीव पर्यावरण और इकोसिस्टम के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि सांप चूहों और अन्य हानिकारक जीवों को खाकर खेती की सुरक्षा करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। अवध वन प्रभाग के डीएफओ सितांशु पांडेय ने लोगों का डर दूर करते हुए बताया कि लगभग 50% सांप जहरीले नहीं होते हैं। उन्होंने सलाह दी कि बारिश के दिनों में अगर घर में सांप दिख जाए तो घबराएं नहीं, बल्कि उसे किसी ढक्कन से ढक दें या कमरा बंद कर दें और बचाव दल के आने का इंतजार करें।

सांप बचावकर्ता आदित्य तिवारी ने जानकारी दी कि लखनऊ में पाए जाने वाले सांपों में रसेल वाइपर सबसे ज्यादा विषैला होता है। उन्होंने बताया कि शहर में सांपों की करीब 50 प्रजातियां मिलती हैं, जिनमें रसेल वाइपर, चश्मे वाला कोबरा और कॉमन क्रेट मुख्य जहरीली प्रजातियां हैं। लोहिया पार्क और जनेश्वर पार्क जैसे इलाकों में भी सांपों का बसेरा देखा गया है। हाल ही में यूपी में कुछ बचावकर्ता सांप के काटने का शिकार हुए, लेकिन समय पर एंटी-वेनम वैक्सीन मिलने से उनकी जान बच गई, जो यह बताता है कि सांपों को संभालते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए।

अगर किसी को सांप दिखे या मदद की जरूरत हो, तो सरकारी हेल्पलाइन नंबर 1926 या 1076 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा निजी बचाव दल के लिए हेल्पलाइन नंबर 8090667166 भी उपलब्ध है।