Lucknow में ससुराल वालों से परेशान महिला 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी, पुलिस ने बचाया
Lucknow: राजधानी के सरोजनी नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक महिला अपने ससुराल वालों और पति की बेवफाई से इतनी परेशान थी कि उसने 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी
Lucknow: राजधानी के सरोजनी नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक महिला अपने ससुराल वालों और पति की बेवफाई से इतनी परेशान थी कि उसने 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा.
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय प्रियंका सिंह मूल रूप से कानपुर के नौबस्ता इलाके की रहने वाली हैं. उन्होंने साल 2019 में लखनऊ के गौरी बाजार निवासी अभिषेक उर्फ बबलू वर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था. प्रियंका का आरोप है कि उनके पति ने उनके साथ बेवफाई की और करीब छह महीने पहले उन्हें छोड़कर लखनऊ में रहने लगे, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में थीं.
महिला ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कानपुर के नौबस्ता थाने में भी की थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ससुराल में विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा. नीचे उतरते समय प्रियंका अर्धबेहोशी की हालत में थीं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है.