Lucknow में पूर्व पत्नी ने तवे से हमला कर की पति की हत्या, बेटी से मिलने गया था शख्स
Lucknow: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपने पूर्व पति के सिर पर तवे से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष सोनी उर्फ सनी के रूप में हुई है,
Lucknow: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपने पूर्व पति के सिर पर तवे से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष सोनी उर्फ सनी के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 13 अगस्त की रात की है। आशीष सोनी अपनी पांच साल की बेटी से मिलने अपनी पूर्व पत्नी तपस्या सिंह के घर गया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर काफी विवाद हुआ। गुस्से में आकर तपस्या ने किचन में रखे तवे से आशीष के सिर पर कई बार वार किए। हमले के बाद आशीष को गंभीर हालत में जानकीपुरम के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ से उसे KGMU रेफर किया गया। इलाज के दौरान आशीष की मौत हो गई।
मृतक की मां मिथिलेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष को पहले भी पीटा गया था और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को आलमबाग श्मशान घाट पर आशीष का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार, तपस्या सिंह और आशीष ने 2013 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले 5-6 साल से दोनों अलग रह रहे थे। जानकीपुरम पुलिस अब इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।